देशभर के सरकारी बैंकों में मंगलवार को एक दिवसीय हड़ताल के चलते कामकाज ठप रहा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स के आह्वान पर हुई हड़ताल में एसबीआई, पीएनबी, बैंक ऑफ बड़ौदा समेत कई बैंकों की शाखाएं बंद रहीं, जिससे ग्राहकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
नकद लेन-देन, चेक क्लीयरेंस और अन्य जरूरी काम नहीं हो सके। बैंकों के बाहर लंबी कतारें लगीं और कई लोग निराश होकर लौट गए।
बैंक कर्मियों की मांग है कि पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू किया जाए और खाली पदों को भरा जाए।
हालांकि एटीएम, यूपीआई और ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं चालू रहीं, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली। यूनियनों ने साफ किया है कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।




