दुनिया के महान स्पिनरों में शुमार ऑस्ट्रेलिया के शेन वॉर्न का निधन हो गया है। शेन वार्न ने शुक्रवार को 52 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। वॉर्न थाईलैंड के कोह सामुई में थे।
जानकारी के मुताबिक, शेन वार्न की मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई है। शेन वार्न के निधन से क्रिकेट जगत में शोक की लहर है।
शेन वार्न ने भारत के खिलाफ 1992 में सिडनी टेस्ट से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। स्पिन के जादूगर के तौर पर खुद की पहचान बनाने वाले शेन वार्न को हमेशा ऑस्ट्रेलिया टीम का कप्तान ना बनाए जाने का मलाल रहा।
वॉर्न की मैनेजमेंट टीम की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, कोह सामुई के एक विला में शेन बेहोश पाए गए थे। बाद में उन्हें बचाया नहीं जा सका।
महान स्पिनर शेन वॉर्न ने 1993 के एशेज के दौरान मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड टेस्ट में इंग्लैंड के माइक गेटिंग को जिस गेंद पर बोल्ड किया था। उसे क्रिकेट इतिहास की सर्वश्रेष्ठ गेंद कही जाती है। उस गेंद ने वॉर्न की जिंदगी बदल कर रख दी थी।
वॉर्न ने अपने 145 मैचों के टेस्ट करियर में 708 विकेट चटकाए। शेन वार्न ने अपना आखिरी टेस्ट मैच जनवरी, 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ सिडनी में ही खेला था।