जालंधर: पंजाब में अन्य जिलों के साथ-साथ जालंधर में भी हालात बेकाबू होते दिख रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार प्रशासन की तरफ से जालंधर शहर में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है तथा लोगों को शिफ्ट किया जा रहा है।
दरअसल शहर के बीचों बीच भगत सिंह कालोनी के साथ लगते गंदे नाले में भी भाखड़ा नहर का पानी छोड़ा जा रहा है, जिसके चलते पुलिस ने नाले के साथ रहने वाले करीब झुग्गी झोपड़ी वालों को कहीं सुरक्षित जगह शिफ्ट होने को कह दिया है।
वहीं देर रात झुग्गियों में रहने वाले लोग अपना सामान समेटकर सड़कों पर बैठे दिखे। प्रशासन की तरफ से कोई पुख्ता प्रबंध नहीं किए जाने पर लोगों में रोष है।
आपको बता दें कि जालंधर में भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है तथा लोग सड़कों पर जीवन यापन करने को मजबूर हैं। वहीं भाखड़ा नहर का पानी छोड़े जाने का पता चलने के बाद श्री गुरु अमरदास कालोनी के लोगों ने बांध बनाने का काम शुरू कर दिया है।
वहीं भाखड़ा नहर का पानी छोड़े जाने को लेकर जिला प्रशासन ने अनभिज्ञता जताई है। लेकिन जालंधर के कुछ हिस्से में बाढ़ की स्थिति को देखते रेड अलर्ट जारी किया गया है।